उत्तराखंड को मिलेगी हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन, मेरठ-ऋषिकेश कॉरिडोर पर सहमति

उत्तराखंड को जल्द ही हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन (आरआरटीएस) की सौगात मिलने जा रही है। मेरठ से लक्ष्मणझूला, ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन चलाने की योजना पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सरकार के बीच सैद्धांतिक सहमति बन गई है। इसके लिए 7.02 करोड़ रुपये के परामर्श शुल्क को मंजूरी देने की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है।

प्रस्तावित परियोजना के तहत मेरठ से लक्ष्मणझूला तक करीब 150 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी। जल्द ही सर्वे का काम शुरू होगा। परियोजना के पूरा होने के बाद दिल्ली से ऋषिकेश तक का सफर करीब ढाई घंटे में पूरा होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से उत्तराखंड सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के बीच इस कॉरिडोर के रूट संरेखण को लेकर सहमति बनी है। डीपीआर तैयार करने के लिए परामर्श शुल्क को आकस्मिकता निधि से स्वीकृति देने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

इसी वर्ष फरवरी में दिल्ली से मेरठ के मोदीपुरम तक हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन का संचालन शुरू हुआ था। हाल ही में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात कर इस परियोजना का प्रस्ताव भी सौंपा था।

सरकार का मानना है कि नमो भारत ट्रेन कॉरिडोर बनने से उत्तराखंड की राजधानी क्षेत्र से कनेक्टिविटी मजबूत होगी और पर्यटन को भी बड़ा लाभ मिलेगा। ऋषिकेश आने वाले पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों के लिए तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!