रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और उद्योगपति मुकेश अंबानी ने सोमवार को बदरीनाथ और केदारनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान बदरीविशाल और बाबा केदारनाथ के दर्शन कर देश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि मुकेश अंबानी सबसे पहले बदरीनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। इसके बाद वह केदारनाथ धाम गए और बाबा केदारनाथ की पूजा-अर्चना की।
दर्शन के बाद मुकेश अंबानी ने बीकेटीसी को 10 करोड़ रुपये का दान दिया। उन्होंने बदरीनाथ धाम की व्यवस्थाओं के लिए पांच करोड़ रुपये और केदारनाथ धाम के लिए पांच करोड़ रुपये के चेक मंदिर समिति को सौंपे।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि अंबानी परिवार की बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के प्रति लंबे समय से गहरी आस्था रही है। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने मुकेश अंबानी का स्वागत किया और उन्हें प्रसाद भेंट किया।