IMA POP में शामिल होने राष्ट्रपति मुर्मू पहुंचीं दून, सीएम-राज्यपाल ने किया स्वागत

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंच गई हैं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

राष्ट्रपति शनिवार को भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) देहरादून की पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं।

सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस, खुफिया एजेंसियों और सुरक्षा बलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। राष्ट्रपति के प्रस्तावित रूट पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस ने शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच तेज कर दी है। जिले की सीमाओं पर बने चेक पोस्टों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशालाओं और लॉज में ठहरे लोगों का सत्यापन भी किया जा रहा है।

राष्ट्रपति के कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष रूट प्लान लागू किया गया है। पुलिस ने आम लोगों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!