स्वास्थ्य विभाग में संबद्धता पर कार्यरत चिकित्सकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को अब तत्काल अपने मूल तैनाती स्थल पर लौटना होगा। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के निर्देश पर स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा ने 31 मार्च 2026 तक जारी सभी संबद्धता आदेश निरस्त कर दिए हैं।
विभाग ने सभी मंडलीय और जिला स्तरीय अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया है कि जून और उसके बाद का वेतन संबंधित कर्मचारियों को उनके मूल कार्यस्थल पर उपस्थिति के आधार पर ही जारी किया जाएगा। सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों, चिकित्सा अधीक्षकों और अन्य संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि पहले भी संबद्धता समाप्त करने की चर्चाएं हुई थीं, लेकिन इस बार सरकार ने सीधे कार्रवाई करते हुए सभी पुराने आदेश रद्द कर दिए हैं। सरकार का मानना है कि इस फैसले से अस्पतालों में चिकित्सकों और कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ेगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और कार्यकुशलता आएगी।