रुद्रप्रयाग में केदारनाथ धाम में लगातार हो रही बर्फबारी ने पुनर्निर्माण कार्यों और यात्रा तैयारियों की रफ्तार थाम दी है। भारी बर्फ जमने से केदारनाथ विकास प्राधिकरण (डीडीएमए) की टीम को प्रतिकूल मौसम के चलते धाम से गौरीकुंड लौटना पड़ा।
बताया जा रहा है कि 18 से 20 मार्च के बीच हुई भारी बर्फबारी के बाद धाम में तीन से चार फीट तक बर्फ जम गई है, जिससे निर्माण कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं। लगातार बर्फबारी के कारण पिछले तीन दिनों से बिजली और पेयजल आपूर्ति भी बाधित है, जिससे प्रशासन के सामने व्यवस्थाएं बनाए रखना बड़ी चुनौती बन गया है।
इसका असर आगामी केदारनाथ यात्रा की तैयारियों पर भी साफ दिख रहा है। प्रशासन की प्राथमिकता अब पैदल मार्ग को दोबारा सुचारू करना है। अधिकारियों के अनुसार मौसम अनुकूल रहने पर एक अप्रैल से टीम को फिर से धाम रवाना किया जाएगा, ताकि पुनर्निर्माण कार्यों को दोबारा गति दी जा सके।