औली मार्ग पर डंपर और पर्यटकों की कार में भीषण भिड़ंत, चार गंभीर घायल

गोपेश्वर के ज्योतिर्मठ-औली मोटर मार्ग पर फारेस्ट कॉलोनी के पास रविवार को एक डंपर और पर्यटकों से भरी कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में कार सवार चार पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी एक परिवार औली घूमने आया था और वापस ज्योतिर्मठ की ओर लौट रहा था। इसी दौरान सामान से लदा एक डंपर औली की तरफ जा रहा था। फारेस्ट कॉलोनी के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

हादसे में कार चला रहे अख्तर, उनकी पत्नी सना, बेटी आयत और सावान गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी दाल कटोरा रोड, लखनऊ के निवासी बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत ज्योतिर्मठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चारों को हायर सेंटर एम्स ऋषिकेश भेज दिया गया।

वहीं कार में सवार एक अन्य महिला और एक बच्ची को हल्की चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!