चारधाम यात्रा से पहले बड़ा फैसला, गंगोत्री धाम में गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक

उत्तरकाशी: आगामी चारधाम यात्रा को लेकर गंगोत्री धाम मंदिर समिति ने बड़ा निर्णय लिया है। समिति ने गंगोत्री धाम और गंगा मंदिर परिसर में गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाने का फैसला किया है। हालांकि, सिख और बौद्ध धर्म को मानने वालों को इस प्रतिबंध से बाहर रखा गया है और उन्हें मंदिर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, बदरी-केदार मंदिर समिति के मंदिरों में गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक के बाद गंगोत्री धाम मंदिर समिति ने भी इस मुद्दे पर बैठक कर निर्णय लिया। समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि गंगोत्री धाम के तीर्थ पुरोहित लंबे समय से गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग कर रहे थे। अब इस संबंध में एक मुहिम शुरू होने के बाद समिति ने भी इस प्रस्ताव का समर्थन किया है।

उन्होंने कहा कि अप्रैल माह से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा के साथ ही यह नियम गंगोत्री धाम में लागू कर दिया जाएगा। इसके तहत किसी भी गैर-हिंदू व्यक्ति को धाम और उसके आसपास प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि, सिख और बौद्ध धर्म के अनुयायियों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा और उनके मंदिर में आने पर कोई रोक नहीं रहेगी।

समिति का कहना है कि सिख और बौद्ध धर्म को सनातन परंपरा से जुड़ा माना जाता है, इसलिए उन्हें प्रवेश की अनुमति दी गई है, जबकि मुस्लिम और ईसाई समुदाय के लोगों के लिए गंगोत्री धाम मंदिर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। समिति के पदाधिकारियों का तर्क है कि जो लोग सनातन धर्म का सम्मान नहीं करते, उन्हें मंदिर परिसर के आसपास प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!