पौड़ी में दर्दनाक बस हादसा: खाई में गिरी मिनी बस, 6 यात्रियों की मौत, 22 घायल

पौड़ी: उत्तराखंड के पौड़ी जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पौड़ी–सत्याखाल मोटर मार्ग पर सवारियों से भरी एक मिनी बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में छह यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 22 घायलों को गंभीर हालत में बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब तीन बजे पौड़ी से देहलचौरी जा रही मिनी बस सत्याखाल मोटर मार्ग पर क्यार्क और चूलधार के बीच अचानक नियंत्रण खो बैठी और लगभग 80 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों के माध्यम से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान पांच यात्रियों की मौत हो गई। एक अन्य यात्री ने बाद में दम तोड़ दिया।

हादसे की जानकारी मिलते ही विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। जिलाधिकारी डॉ. चौहान ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से राहत और उपचार की व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!