जिला पंचायत दून का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न, अध्यक्ष–उपाध्यक्ष सहित 22 सदस्यों ने ली शपथ

जिला पंचायत देहरादून का शपथ ग्रहण समारोह हिमालय सांस्कृतिक केंद्र ऑडिटोरियम, नींबूवाला में भव्य रूप से आयोजित किया गया। समारोह में जिलाधिकारी सविन बंसल ने नव-निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर और उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके उपरांत अध्यक्ष सुखविंदर कौर ने 22 जिला पंचायत सदस्यों को शपथ ग्रहण कराई।

समारोह में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान सहित छह सदस्य अनुपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगामी बैठक में जिलाध्यक्ष द्वारा उन्हें शपथ दिलाई जाएगी।

“सबको साथ लेकर विकास की राह पर आगे बढ़ेंगे’’ — अध्यक्ष सुखविंदर कौर

शपथ ग्रहण के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि “पक्ष-विपक्ष से ऊपर उठकर सभी को साथ लेकर देहरादून के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति देनी होगी।”
उन्होंने विकास कार्यों में सभी सदस्यों की सहभागिता और सहयोगात्मक भावना को आवश्यक बताया। जिलाधिकारी सविन बंसल ने आशा व्यक्त की कि नया बोर्ड ऊर्जा, पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन जिला पंचायत के साथ पूर्ण सहयोग से कार्य करेगा।

राजनीतिक नेताओं के बयान भी रहे चर्चा में

कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों पर भी अपने विचार रखे। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने चकराता विधायक व पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे “नूर भी हैं और नूरे-चश्म भी।” उन्होंने कहा कि “उत्तराखंड के हक़ और हितों के लिए संगठित संघर्ष की जरूरत है।”

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा ने बाहुबल का उपयोग किया। उन्होंने कहा कि नैनीताल के मामले में भाजपा ने सीमाएं और हदें पार कीं।भाजपा को ग्रामीणों ने नकारा है।

अनेक जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति

समारोह में पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, जिला पंचायत अधिकारी एस.के. त्रिपाठी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!