किसानों का बहादराबाद टोल प्लाजा पर हंगामा, पुलिस से हुई नोकझोंक

देहरादून कूच करने के लिए जा रहे भारतीय किसान यूनियन टिकैत के कार्यकर्ताओं को बहादरबाद टोल प्लाजा पर रोकने पर हंगामा हो गया। किसानों की पुलिस से झड़प में किसानों ने ट्रैक्टर से बैरिकेड्स तोड़ दिए। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। घंटों  हंगामा चलता रहा। गुस्साए किसान धरने पर बैठ गए। वहीं, भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता टिकैत ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पुलिस पर किसानों पर लाठियां बरसाने का आरोप लगाते हुए सवाल उठाए हैं।

 

बृहस्पतिवार सुबह भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिलाध्यक्ष राजीव शास्त्री की अगुवाई में किसान नेता व कार्यकर्ता ट्रैक्टर-ट्राॅलियों और अन्य वाहनों से देहरादून कूच करने के लिए जा रहे थे। बहादराबाद टोल प्लाजा पर पहुंचते ही पुलिस ने बैरिकेडिंग कर सभी को रोक दिया। किसान नेता आगे की जिद पर अड़ गए। पुलिस और किसानों के बीच नोकझोंक और धक्का-मुक्की होने लगी। पुलिस अधिकारियों से नोकझोंक के बीच कुछ किसान ट्रैक्टर से बैरिकेड्स तोड़कर आगे जाने की कोशिश करने लगे। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने लाठियां भांजते हुए स्थिति पर काबू पाया। इसके बाद किसान पीछे हटे और फिर टोल प्लाजा पर ही किसान धरने पर बैठ गए। वहीं, आसपास के इलाकों के अलावा मुजफ्फरनगर सहित अन्य जिलों के किसान भी मौके पर पहुंचने शुरू हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!