अल्मोड़ा में योगासन प्रतियोगिता का भव्य समापन, खेल मंत्री रेखा आर्या ने विजेताओं को किया सम्मानित

38वें राष्ट्रीय खेलों की योगासन प्रतियोगिता का समापन समारोह मंगलवार को हेमवती नंदन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम, अल्मोड़ा में हर्षोल्लास और रंगारंग कार्यक्रम के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर उत्तराखंड की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने विजेता खिलाड़ियों को पदक और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में मंत्री रेखा आर्या ने कहा, “अल्मोड़ा जैसे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक नगरी में राष्ट्रीय स्तर की योगासन प्रतियोगिता का आयोजन पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है। इन खेलों ने अल्मोड़ा को देशभर में एक नई पहचान दिलाई है और यह क्षेत्र अब खेल मानचित्र पर भी उभरकर सामने आया है।”

योग को मिलेगा वैश्विक मंच
रेखा आर्या ने अपने संबोधन में आगामी एशियन गेम्स और ओलंपिक 2036 का भी जिक्र करते हुए कहा कि यदि भारत को ओलंपिक की मेज़बानी मिलती है, तो योगासन को एक मेडल गेम के रूप में शामिल करने की संभावनाएं प्रबल होंगी। उन्होंने कहा कि योग सिर्फ एक प्राचीन परंपरा नहीं, बल्कि अब यह प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में वैश्विक पहचान बना रहा है।

विजेताओं को मिला सम्मान
समापन समारोह में टीम और व्यक्तिगत वर्गों के पदक विजेताओं को गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल पहनाए गए। विजेता टीमों को ट्रॉफियां दी गईं और प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों को उनकी प्रतिभा और अनुशासन के लिए सराहा गया।

समापन समारोह में प्रमुख लोग रहे मौजूद
समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश बहुगुणा, अल्मोड़ा नगर निगम के मेयर अजय वर्मा, जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडे, जयदीप आर्य, चंद्रकांत आर्य, भुवन जोशी और अशोक जलाल समेत बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

अल्मोड़ा को मिला नया मंच
रेखा आर्या ने अंत में कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि हर जिले को खेलों का एक स्थायी मंच मिले। योगासन प्रतियोगिता के माध्यम से अल्मोड़ा में जो वातावरण बना है, वह आने वाले समय में जिले को साहसिक व स्वास्थ्य पर्यटन का केंद्र बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!