राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड का जलवा, खेल मंत्री रेखा आर्या ने पदक विजेताओं को दी बधाई

प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को 38वें राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले उत्तराखंड के पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा, “आपने उत्तराखंड का परचम देश के नक्शे पर लहराया है और पूरे प्रदेश को गर्व की अनुभूति कराई है।”

रेखा आर्या ने कहा कि यह आयोजन न केवल उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है, बल्कि इससे प्रदेश को ‘देवभूमि’ के साथ-साथ ‘खेलभूमि’ के रूप में भी नई पहचान मिली है। उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

खिलाड़ियों की मेहनत रंग लाई
खेल मंत्री ने बताया कि राज्य में खेल सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के दौरान कई खेल मैदानों और सुविधाओं का विकास किया गया है, जिससे आने वाले समय में उत्तराखंड के खिलाड़ी और भी बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।

उन्होंने राज्यवासियों से अपील की कि वे राष्ट्रीय खेलों का सजीव अवलोकन कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस खेल महाकुंभ को यादगार बनाएं।

उत्तराखंड के पदक विजेता खिलाड़ी:
रीना सेन – गोल्ड, कैनो स्लालम
धीरज सिंह कीर – सिल्वर, कैनो स्लालम
आन्या बिष्ट और एंजेल पुनेरा – सिल्वर, बैडमिंटन (महिला डबल्स)
गायत्री रावत और मनसा रावत – ब्रॉन्ज, बैडमिंटन (महिला डबल्स)
अजय वर्मा, हर्षित भाटी, रोहित यादव, शशांक शर्मा, प्रियांशु – गोल्ड, ग्रुप योगासन
दीपक और विशाल – सिल्वर, पारंपरिक योगा
अजय वर्मा और हर्षित भाटी – सिल्वर, आर्टिस्टिक पेयर योगासन
शशांक और प्रियांशु – ब्रॉन्ज, रिदमिक पेयर योगासन
संस्कृति और खेल का संगम
रेखा आर्या ने यह भी कहा कि इस बार के राष्ट्रीय खेलों से देशभर के खिलाड़ी उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक खानपान और सांस्कृतिक विरासत से परिचित हो रहे हैं। यह आयोजन केवल खेलों का ही नहीं, बल्कि राज्य की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने का भी एक सशक्त माध्यम बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!