पूर्व विधायक चैंपियन को मिली जमानत, रुड़की में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

रुड़की। खानपुर से पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह ‘चैंपियन’ को बुधवार को कोर्ट से जमानत मिल गई है। चैंपियन की संभावित जेल से रिहाई को देखते हुए रुड़की में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। पुलिस ने न सिर्फ चैंपियन और निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के कैंप कार्यालयों पर नजर रखनी शुरू कर दी है, बल्कि सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी विशेष निगरानी की जा रही है।

गौरतलब है कि यह विवाद फरवरी माह में सोशल मीडिया पर शुरू हुआ था, जब उमेश कुमार और चैंपियन के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला चला। मामला उस वक्त और गंभीर हो गया जब 26 जनवरी को चैंपियन अपने समर्थकों के साथ उमेश कुमार के रुड़की स्थित कैंप कार्यालय पहुंचे और वहां ताबड़तोड़ फायरिंग की, साथ ही मारपीट की घटनाएं भी हुईं।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। उमेश कुमार को पहले ही कोर्ट से जमानत मिल गई थी, जबकि चैंपियन को जेल भेजा गया था। मामला तब से रोशनाबाद कोर्ट में विचाराधीन था।

मंगलवार को हुई सुनवाई में चैंपियन की जमानत याचिका मंजूर कर ली गई। इसके बाद गंगनहर पटरी पर स्थित दोनों नेताओं के कैंप कार्यालयों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थानीय पुलिस वाहनों की आवाजाही पर भी नजर रख रही है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है। सोशल मीडिया पर चैंपियन की रिहाई को लेकर चल रही प्रतिक्रियाओं पर भी साइबर सेल की टीम नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!