देहरादून को मिलेगा हाईड पार्क जैसा मल्टीथीम पब्लिक पार्क, 20 जून को राष्ट्रपति करेंगी शिलान्यास

देहरादून। देहरादून की खूबसूरत वादियों में अब एक और आकर्षण जुड़ने जा रहा है। जिले के प्रतिष्ठित “राष्ट्रपति आशियाना एवं उपवन वाटिका” को आम जनता के लिए खोला जाएगा। इस 132 एकड़ क्षेत्र में लंदन के हाईड पार्क की तर्ज पर एक मल्टीथीम पब्लिक पार्क विकसित किया जाएगा, जिसे उत्तराखंड की अब तक की सबसे बड़ी और आधुनिक सार्वजनिक परियोजनाओं में गिना जा रहा है।

जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में मंथन सभागार में हुई बैठक में स्थानीय स्टेकहोल्डर्स के साथ इस प्रस्ताव पर विस्तृत विमर्श हुआ। पार्क के निर्माण प्रस्ताव को राष्ट्रपति सचिवालय से भी स्वीकृति मिल चुकी है। इससे पहले, जनवरी में जिलाधिकारी ने स्वयं राष्ट्रपति सचिव से भेंट कर इस परियोजना को मंजूरी दिलाने का आग्रह किया था।
राष्ट्रपति रखेंगी नींव

इस ऐतिहासिक परियोजना की नींव राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 20 जून को रखेंगी। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उद्घाटन के बाद पार्क में आगंतुकों के लिए कला प्रदर्शनी स्थल, घुड़सवारी की सुविधा, कैफेटेरिया, स्मारिका स्टोर और एक आधुनिक विज़िटर सेंटर जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
जनता से मांगे गए सुझाव

पार्क की योजना में स्थानीय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रपति भवन की आधिकारिक वेबसाइट पर एक सार्वजनिक सुझाव फॉर्म उपलब्ध कराया गया है। नागरिक इस फॉर्म के माध्यम से पार्क के डिज़ाइन और सुविधाओं के लिए अपने विचार साझा कर सकते हैं। इन सुझावों को तैयार की जा रही Detailed Project Report (DPR) में शामिल किया जाएगा।
हर वर्ग के लिए होगा आकर्षण

पार्क को न केवल पर्यावरणीय दृष्टिकोण से बल्कि स्वास्थ्य, सांस्कृतिक गतिविधियों और पारिवारिक मनोरंजन के लिहाज़ से भी अत्याधुनिक रूप में विकसित किया जाएगा। हरियाली, ट्रैक, ओपन थिएटर, बच्चों के खेलने की जगह से लेकर वरिष्ठ नागरिकों के विश्राम स्थल तक — हर वर्ग के लिए कुछ न कुछ खास होगा।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि इस पार्क के निर्माण के साथ ही क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी, यातायात, सुरक्षा और संचार जैसी सभी बुनियादी जरूरतों का भी पूरा ख्याल रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!