आधी रात में घरों में मानो बहने लगी नदी
सुबह पार्षद सुशीला रावत ने किया निरीक्षण, माना समस्या है गंभीर
बोली कराएंगी समाधान
* नरेशरोहिला
कल रात में हुई तेज बारिश एमडीडीए केदारपुरम कालोनी के लोगों के आफत बन कर आयी। ऊंची सडकें, नीची नालियां और पानी की निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण एमडीडीए के चालनुमा बने मकानों के संयुक्त आंगनों में पानी घुस आया और घरों से आरपार होकर बहने लगा जिससे आधी रात के बाद तक अनेक रहवासी परेशान और घबराए रहे। कई घरों में तो पानी से लोगों का सामान भी खराब हो गया। सूचना मिलने पर आज सुबह क्षेत्र की पार्षद श्रीमती सुशीला रावत ने खुद आकर देखा और माना कि समस्या गंभीर है और वे समस्या के समाधान के लिए जो भी होगा करेंगी।
आपको बता दें कि एमडीडीए की केदारपुरम कालोनी के डुप्लेक्स मकान चालनुमा बने है। मकानों में जाने के लिए एक मेन एन्ट्री गेट है और उसी से होकर रहवासी अपने घरों में जाते है। संयुक्त आंगन में सभी घरों के दरवाजे खुलते है और पहली मंजिल पर रहने वालों के लिए चार कोनों में सीढ़ियों का निर्माण है। पहले पानी भरने की समस्या नहीं थी लेकिन पिछले कई सालों से यह समस्या उत्पन्न हो गयी जो अब विकराल रूप धारण करती जा रही है। घरों के आसपास सड़कें धीरे – धीरे ऊंची होती जा रही है और नालियां कम चौडी है परिणाम: हल्की बारिश में ही सडकें तालाब का रूप ले लेती हैं। सडकों और नालियों के लबालब होने पर पानी इन घरों के संयुक्त आंगन और वहां से घरों में घुसने लगा।
कल रात करीब साढे दस बजे तेज बारिश शुरू हुई और घंटे भर बाद ही सडकें. नालियां और फिर. संयुक्त आंगन लबालब हो गया। कुछ मकानों के दरवाजे चूंकि सडकों की ओर भी है तो पानी आंगन से घरों में घुसकर आरपार बहने लगा ।आधी रात में लोग गंदे बदबूदार पानी के घरों में घुसने से हैरान रह गए। इन्द्रपुर रोड पर खुद लेखक के घर के साथ ही शोभा सुंदरियाल, गिरधारी बिष्ट सहित कई घरों से आरपार पानी बहने लगा मानो नदी घर में आ गयी हो। नरेन्द्र रावत, सुभाष वर्मा के घर में पानी घुस गया। इसके अलावा कालोनी के अन्य अनेक घरों में बारिश के पानी घुस गया। अरूण और श्री रावत की दुकान में पानी घुस गया। कालोनी के निवासी अविनाश ने बताया कि बरसात के पानी के साथ ही उनके यहां सीवर का पानी घुस गया। हालांकि यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी कई मौकों पर इसी तरह बारिश के पानी ने अपना रौद्र रूप दिखाया है।
इस समस्या से लेखक ने रात में करीब साढे बारह एक बजे क्षेत्र की पार्षद श्रीमती सुशीला को फोन पर सूचना दी। इसी सूचना पर उन्होंने सुबह कालोनी में आकर निरीक्षण किया। पार्षद श्रीमती सुशीला रावत ने माना कि समस्या गंभीर है। उन्होंने एमडीडीए कालोनी के परिसरों और नालियों को भी देखा । उन्होंने परिसर में अतिक्रमण न करने की सलाह भी दी। पार्षद के निरीक्षण के दौरान कई जगह नालियां अवरूद्ध और बंद कर दी गयी भी देखी गयी।
श्रीमती रावत ने निरीक्षण पश्चात कहा कि वह उच्चाधिकारियों से मिलकर इस समस्या के समाधान को शीघ्र कार्यवाही करेंगी और जो भी कदम उठाना होगा उठाएंगी।उन्होंने त्वरित कदम के रूप में सफाई गैंग को आज ही घरों के सामने स्लैब उठा उठाकर नालियों की सफाई करने को कहा।