चारधाम-कांवड़ यात्रा को लेकर CM धामी सख्त, सभी DM को दिए बड़े निर्देश; सड़कें होंगी गड्ढामुक्त

देहरादून: मानसून और चारधाम-कांवड़ यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री आवास से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक में उन्होंने मानसून, आपदा प्रबंधन, चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा और गड्ढामुक्त सड़क अभियान समेत कई मुद्दों की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मानसून के दौरान सभी अधिकारी अपने फोन चालू रखें और किसी भी स्थिति में संपर्क से बाहर न रहें। आपदा या अत्यधिक बारिश से निपटने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया है।

15 अक्टूबर तक प्रदेश की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त

CM धामी ने कहा कि मानसून खत्म होते ही प्रदेशभर में गड्ढामुक्त सड़क अभियान शुरू किया जाए। बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों, टूटे और अवरुद्ध मार्गों के साथ ड्रेनेज सिस्टम की समस्याओं का भी विस्तृत विवरण तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मानसून के बाद मरम्मत और पुनर्निर्माण का काम प्राथमिकता से शुरू हो सके। जिलाधिकारियों को अपने जिलों में कार्ययोजना तैयार करने, समितियां गठित करने और काम की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि 15 अक्टूबर तक प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए।

 ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ पर भी फोकस

मुख्यमंत्री ने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। जिन गांवों और क्षेत्रों में अभी तक शिविर नहीं लगे हैं, वहां प्राथमिकता से कैंप आयोजित कर लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाने को कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!