देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विकास, पुनर्निर्माण और आपदा राहत से जुड़े कार्यों के लिए करीब ₹74 करोड़ की वित्तीय मंजूरी दी है। इस राशि से क्षतिग्रस्त स्कूलों, सड़कों और सरकारी भवनों की मरम्मत के साथ आपदा से बचाव के कई काम किए जाएंगे।
बागेश्वर के बेडा-मझड़ा (करीमपुर) में हेलिपैड निर्माण के लिए ₹8.91 करोड़ और गंगोत्री धाम में सीवर लाइन व सार्वजनिक शौचालयों से जुड़े कार्यों के लिए ₹4.99 करोड़ मंजूर किए गए हैं।
आपदा प्रभावित प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों की क्षतिग्रस्त आधारभूत सुविधाओं की मरम्मत के लिए ₹30 करोड़ राज्य आपदा मोचन निधि से स्वीकृत किए गए हैं। वहीं विभिन्न जिलों में राहत-बचाव, पुनर्निर्माण, तैयारी और क्षमता निर्माण के लिए भी धनराशि जारी की गई है।
इसके अलावा खटीमा के सात गांवों में बाढ़ सुरक्षा, भारत-नेपाल सीमा पर बाढ़ सुरक्षा, चमोली में आपदा से क्षतिग्रस्त मार्गों से मलबा हटाने, भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली और सैटेलाइट फोन जैसी व्यवस्थाओं के लिए भी बजट मंजूर हुआ है।
मुख्यमंत्री ने चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र की चलकुडिया-मसमोली-नौखोली मोटर मार्ग का नाम शहीद मंदीप सिंह नेगी के नाम पर रखने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।