देहरादून। राजपुर इलाके में भाजपा नेता के फ्लैट पर रविवार देर रात एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने छापामारा। पुलिस के मुताबिक फ्लैट में बिना अनुमति आधी रात तक पार्टी चल रही थी। मौके पर मौजूद 11 लोगों को मादक पदार्थों की जांच के लिए मेडिकल टेस्ट के लिए ले जाया गया, जिसमें किसी में मादक पदार्थ की पुष्टि नहीं हुई। हालांकि, सभी को शांति भंग के आरोप में चालान किया गया।
फ्लैट साईं मंदिर के पास स्थित है और इसे होम स्टे के रूप में भी चलाया जाता है। पार्टी के लिए इसे एक समूह ने बुक किया था। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि देहरादून में वीकेंड के दौरान बिना अनुमति देर रात तक चलने वाली पार्टियों पर कार्रवाई के निर्देश हैं।
एसएसपी ने सभी होम स्टे, गेस्ट हाउस और क्लब संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना अनुमति किसी कार्यक्रम का आयोजन न करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।