देहरादून। उत्तराखंड में मॉनसून एक बार फिर से सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने आज गुरुवार के लिए देहरादून, टिहरी, नैनीताल व चंपावत जिलों में यलो अलर्ट भी जारी किया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश के कई दौर देखने को मिल सकते हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका भी है।
पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बौछारों की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, अगले 5 दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी ही रहने के आसार हैं।
मौसम विज्ञानी रोहित थपलियाल के अनुसार, कुछ पर्वतीय इलाकों में तेज बौछारें पड़ सकती हैं, जिससे स्थानीय जलभराव व भूस्खलन की स्थिति भी बन सकती है।
देहरादून में मौसम का बदला मिजाज
राजधानी देहरादून में बुधवार को हल्की बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया, लेकिन इसके साथ ही अधिकतम तापमान में 2.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
वहीं, आज गुरुवार को गर्जन के साथ कई दौर की बारिश की संभावना भी जताई गई है, जिससे अधिकतम तापमान में लगभग 1.4 डिग्री की गिरावट आ सकती है।