सेलाकुई में सहदेव पुंडीर और साहिया क्षेत्र में मधु चौहान ने किया स्वास्थ्य मेले का शुभारम्भ

देहरादून। विकासखण्ड सहसपुर क्षेत्रान्तर्गत अवस्थित शहीद हवलदार नरेंद्र सिंह बिष्ट राजकीय आदर्श माध्यमिक विद्यालय सेलाकुई में आजादी के अमृत महोत्सव के तत्वाधान में आयुष्मान भारत के तहत आयोजित स्वास्थ्य मेले का विधायक सहदेव सिंह पुंडीर द्वारा शुभारंभ किया गया। दूसरी ओर साहिया क्षेत्र में जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने स्वास्थ्य मेले का शुभारम्भ किया।

सेलाकुई में स्वास्थ्य मेले का शुभारम्भ अवसर पर सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने केंद्र तथा राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की स्वास्थ्य शिविर आम जनमानस को व्यापक स्तर पर लाभ पहुंचाते हैं। उन्होंने स्वास्थ्य मेले को सफल बनाने के लिए स्थानीय प्रशासन, डॉक्टर्स, वॉलिंटियर्स, आशा कार्यकर्तियो तथा स्वास्थ्य कर्मियों का आभार व्यक्त किया। विधायक ने कहा कि केंद्र तथा राज्य सरकार सदैव जनता के साथ है। सरकार के द्वारा कोविड काल में सभी को मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध कराकर सराहनीय कार्य किया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। विधायक ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का अधिक से अधिक प्रचार प्रसार किया जाना चाहिए ताकि जनता को इसका लाभ मिले। आज स्वास्थ्य मेले में लगभग 1200 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण हेतु पंजीकरण करवाया। मेले में लगभग सभी तरह के स्वास्थ्य परीक्षण दंत चिकित्सा,स्त्री रोग विशेषज्ञ, होम्योपैथी, आयुर्वेदिक आदि की सुविधा की व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर महालक्ष्मी किट भी वितरित की गई।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख श्रीमती सीमा नेगी, उप जिलाधिकारी विनोद कुमार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ प्रदीप उनियाल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ वंदना तथा स्थानीय जनता उपस्थित थी।

साहिया क्षेत्र में मधु चौहान ने किया मेले का उदघाटन

इसी तरह विकासखण्ड कालसी साहिया क्षेत्र में आयोजित स्वास्थ्य मेले का शुभारम्भ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मधु चौहान ने किया। उन्होंने स्वास्थ्य मेले में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टाॅल का भी अवलोकन किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव एवं आयुष्मान भारत योजना कि चौथी वर्षगांठ के अवसर पर संपूर्ण देश में स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसी परिपेक्ष्य में राज्य के सभी 95 विकासखण्डों में 115 स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मेले के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं विशेषकर स्वास्थ्य सुविधाओं से लाभान्वित किए जाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही कालसी चिकित्सालय को सीएससी चिकित्सालय बनाया जाएगा, इसके लिए कार्य चल रहा है। उन्होंने जनमानस से स्वास्थ्य मेलों में अधिक से अधिक प्रतिभाग करने तथा अन्य को भी स्वास्थ्य मेलों एवं शिविर में स्वास्थ्य जांच कराने हेतु प्रेरित करने की अपेक्षा की। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा शिविर में आने वाले लोगों की स्वास्थ्य जांच की, तथा अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टाॅल में जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किए जाने हेतु जानकारी दी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!