राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति आशियाना जून माह से आम जनता के लिए खुल जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 जून को इसका विधिवत् उद्घाटन करेंगी। राष्ट्रपति सचिवालय के अपर सचिव डॉ. राकेश गुप्ता ने गुरुवार को देहरादून स्थित राष्ट्रपति आशियाना में राष्ट्रपति भ्रमण के कार्यक्रम को लेकर उच्च स्तरीय बैठक ली। उन्होंने समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अपर सचिव डॉ. गुप्ता ने राष्ट्रपति आशियाना परिसर के 132 एकड़ क्षेत्रफल में अत्याधुनिक पार्क, 19.5 एकड़ भूमि पर लोवर एस्टेट और 21 एकड़ भूमि पर स्थित राष्ट्रपति आशियाना में संचालित निर्माण कार्याे की प्रगति समीक्षा की। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे से पूर्व सभी तैयारियों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। अपर सचिव ने जिलाधिकारी सविन बंसल के सुझाव की सराहना की। कहा, जिलाधिकारी के आइडिया पर ही पार्क की प्लानिंग शुरू हुई। इसके बाद आधुनिक पार्क के आइडिया को प्रोजेक्ट में शामिल किया गया।
राष्ट्रपति 20 जून को इसकी आधार शिला रखेंगी। अगले वर्ष तक पार्क तैयार होकर जनता के लिए खोला जाएगा। इस पार्क में विश्व स्तरीय सुविधाएं, नवीन डिजाइन, टिकाऊ व्यवस्थाओं के साथ साथ हरियाली, स्वास्थ्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए भी प्रमुख केंद्र होगा। बैठक में निदेशक राष्ट्रपति सचिवालय स्वाति शाही, प्रबंधक जॉय कुमार शाह, सचिव सिचाई, डॉ आर. राजेश कुमार, जिलाधिकारी सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह मौजूद थे।