उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों की समस्याएं सुनने को लेकर डीएम सविन बंसल ने की विशेष बैठक
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बुधवार को ऋषिपर्णा सभागार में उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में बैठक कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। डीएम ने आंदोलनकारियों को समाज का प्रेरणा स्रोत बताते हुए कहा, “हम आपके संघर्षों के कारण ही आज यहां हैं।”
बैठक में डीएम ने आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का हरसंभव समाधान किया जाएगा। चिन्हीकरण की लंबित पत्रावलियों पर तेजी से कार्य करने के निर्देश एडीएम एफआर को दिए गए, जबकि 2021 की कट-ऑफ तिथि से पहले चिन्हित अभ्यर्थियों का रिकॉर्ड भी तलब किया गया है।
पेंशन सत्यापन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए कोषागार में अलग काउंटर और समर्पित स्टाफ की व्यवस्था की जाएगी। शासन स्तर पर लंबित मामलों को शीघ्र संस्तुति के लिए भेजने का आश्वासन भी दिया गया।
आंदोलनकारियों ने इस पहल के लिए डीएम का आभार जताया और विश्वास जताया कि उनके मुद्दों का शीघ्र समाधान होगा। बैठक में एसडीएम हरिगिरि, मुख्य कोषाधिकारी नीतू भंडारी सहित कई अधिकारी और आंदोलनकारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।