सीएम धामी ने चारधाम यात्रा मार्ग की सुरक्षा को लेकर विशेष निर्देश

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद उत्तराखंड में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को अपने शासकीय आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक की, जिसमें प्रदेश में रह रहे अवैध पाकिस्तानी नागरिकों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 

सीएम धामी ने कहा कि कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे ऐसे लोगों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की जाए और उन्हें तत्काल देश से वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाए। इसके साथ ही किरायेदारों का सत्यापन न कराने वालों पर अर्थदंड लगाने के भी निर्देश दिए गए।

 

बैठक के दौरान आगामी चारधाम यात्रा के मद्देनजर यात्रा मार्गों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। 30 अप्रैल से शुरू होने वाली यात्रा के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखने की बात कही गई।

 

सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रा मार्ग पर यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर आए, तो उसे तुरंत हिरासत में लिया जाए। इसके साथ ही आम जन को सतर्क करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने के लिए टोलफ्री नंबर जारी करने का आदेश भी दिया गया। यह कदम प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने और चारधाम यात्रा को सुरक्षित रूप से सम्पन्न कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!