कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले का असर अब उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भी साफ दिखने लगा है। गर्मियों में कश्मीर यात्रा की योजना बना चुके सैकड़ों पर्यटकों ने अब अपना मन बदल लिया है और ट्रैवल एजेंसियों में बुकिंग रद्द कराने का सिलसिला तेज हो गया है।
बुधवार को दून की प्रमुख ट्रैवल एजेंसियों में दिनभर सिर्फ कैंसिलेशन कॉल्स ही आती रहीं। कुछ एजेंसियों ने तो बताया कि रद्द की गई बुकिंग्स की दर 100% तक पहुंच गई है।
फ्लाइट टिकट से लेकर होटल तक सब कैंसिल
IATA (इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन) से जुड़े प्रतिनिधियों का कहना है कि पहली बार ऐसा देखने को मिल रहा है जब एक ही दिन में लगभग सभी फ्लाइट और टूर बुकिंग्स रद्द कर दी गई हैं।
देहरादून स्थित दून टूर्स एंड ट्रैवल्स के संचालक सुधीर कुमार ने कहा, “हमले के बाद कोई भी जोखिम लेने को तैयार नहीं है। बुधवार को आई सारी पूछताछें केवल कैंसिलेशन को लेकर थीं।”