हरिद्वार: पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के बहादराबाद थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच एक जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। गश्त के दौरान हुए इस एनकाउंटर में पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, उसका एक साथी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

रविवार रात को बहादराबाद थाना प्रभारी नरेश राठौड़ और शांतरशाह चौकी प्रभारी खेमेंद्र सिंह गंगवार अपनी टीम के साथ नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान लोहे के पुल नहर पटरी मार्ग पर दो संदिग्ध व्यक्ति पैदल आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी तत्परता से जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को मौके पर काबू कर लिया गया, जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस ने घायल बदमाश की पहचान विनोद उर्फ विक्की राजपूत (40 वर्ष), निवासी ग्राम मोखरा खेड़ी, थाना बहु अकबरपुर, जिला रोहतक (हरियाणा) के रूप में की। पूछताछ में उसने बताया कि 2007 में अपने भाइयों के साथ नसीब पुत्र गौरम की हत्या कर दी थी, जिसके लिए उसे उम्रकैद की सजा हुई थी। वह रोहतक जेल में बंद था, लेकिन सितंबर 2023 में 21 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया और फरार हो गया। सजा से बचने के लिए वह हरिद्वार के दौलतपुर गांव में पहचान छिपाकर रह रहा था। घायल बदमाश से एक देशी तमंचा और कारतूस भी बरामद किया गया। उसे नजदीकी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी सिटी पंकज गैरोला ने खुद जिला अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि फरार बदमाश की पहचान की जा चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान भी शुरू कर दिया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!