देहरादून: एसएसपी देहरादून की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र में चल रहे आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश करते हुए अखिल बंसल नामक मुख्य सट्टा संचालक (बुकी) को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
अखिल बंसल मोहब्बेवाला स्थित अपने घर से प्रतिबंधित ‘गो एक्सचेंज’ ऐप के माध्यम से मुंबई और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच चल रहे आईपीएल मैच पर सट्टा खेलवा रहा था।
पुलिस कार्रवाई:
एसएसपी को मिली गोपनीय सूचना के बाद एसओजी और पटेलनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 17 अप्रैल को अचानक दबिश दी और आरोपी को सट्टेबाजी करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मौके से पुलिस ने 2 मोबाइल फोन और एक सट्टे का रजिस्टर बरामद किया, जिसमें कई महत्वपूर्ण जानकारियाँ दर्ज थीं।
बैंक खाते में जमा थे दो लाख रुपये:
जांच में पता चला कि अखिल बंसल के बैंक खाते में सट्टे से कमाए गए ₹2,00,000/- जमा हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसका बैंक खाता फ्रीज कर दिया है।
पूछताछ में बड़ा खुलासा:
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने ‘गो एक्सचेंज’ ऐप पर ऑनलाइन अकाउंट बनाया था, जहां से वह पॉइंट खरीदकर सट्टा खिलवाता था। वह अन्य पंटरों को ऐप का लिंक भेजकर उनकी आईडी बनवाता, और उनसे पैसे लेकर पॉइंट बेचता था। गूगल पे के जरिए लेनदेन किया जाता था और जीतने की राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की जाती थी।
सट्टा मैच की हर गेंद, ओवर, चौका-छक्का, नो बॉल, वाइड बॉल और टीम की जीत-हार जैसे कई पहलुओं पर खेला जा रहा था।