उत्तराखंड में मौसम ने फिर बदला रुख, ऑरेंज अलर्ट जारी

उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। बुधवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली, जिसके बाद मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, बागेश्वर, अल्मोड़ा, देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जैसे जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी भी दी गई है।

बुधवार को टिहरी जिले के कुछ हिस्सों में ओले गिरे, जबकि श्रीनगर, उत्तरकाशी, चंपावत और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, श्रीनगर में 16 मिलीमीटर और पिथौरागढ़ में 14.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।

आज भी रहेगा बिगड़ा हुआ मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को भी राज्य के पर्वतीय जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है। इसके साथ ही तेज हवाएं 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जो जनजीवन को प्रभावित कर सकती हैं।

हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में यलो अलर्ट

मैदानी क्षेत्रों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है। हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है, जहां बारिश और तेज हवाओं के साथ मौसम में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।

मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और आवश्यक सावधानियां बरतने का निर्देश दिया है, खासकर यात्रा करने वालों और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों से।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!