कपकोट में किशोरियों के साथ मारपीट का वीडियो वायरल, महिला आयोग सख्त, दो आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में दो किशोरियों के साथ मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राज्य महिला आयोग ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। वीडियो में चार युवक दो किशोरियों को बेरहमी से पीटते और गालियां देते हुए नजर आ रहे हैं, जिससे प्रदेशभर में आक्रोश फैल गया है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने बागेश्वर के पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर से फोन पर बात की और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

महिला आयोग की अध्यक्ष ने जताई चिंता
कुसुम कंडवाल ने घटना को बेहद निंदनीय और समाज के लिए खतरे की घंटी बताया है। उन्होंने कहा, “पहाड़ी और ग्रामीण इलाकों में इस तरह की घटनाओं का होना दर्शाता है कि हमें महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर और अधिक सजग होने की आवश्यकता है।”

पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज, दो गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर ने जानकारी दी कि परिजनों की शिकायत के आधार पर पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य दो की तलाश जारी है। साथ ही, पीड़ित किशोरियों की मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग भी करवाई गई है।

वीडियो हटाने के निर्देश
महिला आयोग की अध्यक्ष ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि वायरल वीडियो को सोशल मीडिया से तत्काल हटाया जाए, ताकि पीड़िताओं की पहचान उजागर न हो और उन्हें भविष्य में किसी प्रकार की सामाजिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने यह भी कहा कि, “अपराधियों ने न केवल हिंसा की, बल्कि उसका वीडियो बनाकर उसे सार्वजनिक करके आपराधिक मानसिकता का परिचय भी दिया है। ऐसे मामलों में कठोरतम दंड सुनिश्चित किया जाना चाहिए।”

आमजन में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
इस वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों में रोष है। आमजन की मांग है कि आरोपियों को सख्त सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की हरकत करने से पहले सौ बार सोचे।

पुलिस और प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और सभी दोषियों को जल्द ही न्याय के कठघरे में लाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!