रुड़की: मुठभेड़ में घायल बदमाश अस्पताल से फरार, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

रुड़की में पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार एक खतरनाक बदमाश मंगलवार सुबह सिविल अस्पताल से फरार हो गया। आरोपी ने लघुशंका का बहाना बनाकर सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को चकमा दिया और मौके से चुपचाप निकल भागा। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। जिलेभर की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है और फरार आरोपी की तलाश के लिए सघन अभियान शुरू कर दिया गया है।

मुठभेड़ में गिरफ्तार हुआ था बदमाश
भगवानपुर पुलिस ने सोमवार रात बहादुरपुर गांव के पास दो संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की थी, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी फरार हो गया। घायल बदमाश को रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसे सामान्य वार्ड में रखा गया।

लूट और अन्य आपराधिक मामलों में था वांछित
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल और अन्य अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। जांच में पता चला कि गिरफ्तार बदमाश की पहचान अंशुल निवासी हरचंदपुर, मंगलौर के रूप में हुई है। वह फरवरी में पुहाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात में वांछित था और उसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

अस्पताल से चकमा देकर हुआ फरार
आज सुबह अंशुल ने लघुशंका जाने का बहाना बनाया और तैनात पुलिसकर्मियों की नजर बचाकर अस्पताल से फरार हो गया। पुलिस ने तत्काल अस्पताल और आसपास के इलाकों में तलाशी ली, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।

पुलिस महकमा सतर्क, लापरवाही की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, सीओ रुड़की नरेंद्र पंत, और सीओ मंगलौर विवेक कुमार समेत भारी पुलिस बल अस्पताल पहुंचा। एसपी देहात ने बताया कि अंशुल की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है, जिसमें पुलिस और सीआईयू के अधिकारी शामिल हैं। इसके साथ ही, अस्पताल में तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही की जांच भी शुरू कर दी गई है और जल्द ही जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।

अलर्ट: जनता से भी की गई अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अगर वे फरार बदमाश के बारे में कोई जानकारी दें तो तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस हेल्पलाइन पर सूचित करें। अंशुल को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सभी सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!