कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और उमेश शर्मा के विवाद में मध्यस्थता की कोशिश, राकेश टिकैत ने की वार्ता

पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और खानपुर विधायक उमेश शर्मा के बीच चल रहे विवाद में किसान नेता और भाकियू टिकैत गुट के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने मध्यस्थता की कोशिश की है। राकेश टिकैत ने दोनों पक्षों से मुलाकात कर समझौता कराने का प्रयास किया है।

चौधरी राकेश टिकैत इस विवाद को सुलझाने के लिए हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले जेल में बंद पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने डामकोठी में बीजेपी नेता रानी देवयानी और अन्य समाज के लोगों से बातचीत की। शाम को, राकेश टिकैत देहरादून पहुंचे और उन्होंने खानपुर विधायक उमेश शर्मा से भी वार्ता की।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए राकेश टिकैत ने कहा, “इस विवाद के पीछे जातिगत मुद्दा नहीं है, बल्कि यह एक हारे हुए विधायक और जीते हुए विधायक की लड़ाई है।” उन्होंने समाज से अपील की कि इस मामले में जातीय और सामाजिक मोर्चे पर कोई हस्तक्षेप न किया जाए। उन्होंने दोनों पक्षों से यह भी कहा कि जो कुछ हो चुका है, उसे खत्म कर दिया जाए और समझौता किया जाए। टिकैत को उम्मीद है कि जल्द ही यह विवाद सुलझ जाएगा।

केंद्र सरकार के बजट पर राकेश टिकैत का बयान
डामकोठी पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए राकेश टिकैत ने केंद्र सरकार के हालिया आम बजट पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “कर्ज बढ़ाने वाला बजट अच्छा नहीं हो सकता। किसानों, आम जनता और गरीबों के लिए बजट में राहत होनी चाहिए, न कि कर्ज में इजाफा।” टिकैत ने आरोप लगाया कि यह सरकार पूंजीवाद को बढ़ावा दे रही है और किसानों को ठगा गया है। उन्होंने ब्याज दरें घटाने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि आम आदमी और किसान को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!