प्रदेशभर के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। अब उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) के बिलिंग काउंटर रविवार को भी खुले रहेंगे। यूपीसीएल ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है, जिससे उपभोक्ता सप्ताह के आखिरी दिन भी अपने बिजली बिल जमा कर सकें।
राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए यूपीसीएल ने इस महीने विशेष अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और निर्देश दिए गए हैं कि सभी बिलिंग काउंटर रविवार को भी सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे। यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार ने बताया कि राजस्व वसूली की निगरानी खुद उच्च अधिकारी कर रहे हैं और पूरे प्रदेश से अपडेट ले रहे हैं।
सरकारी विभागों के बकाया बिजली बिल को लेकर भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी अफसरों को नोडल अधिकारी बनाया गया है और उन्हें अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारी सौंपकर राजस्व वसूली करवाई जा रही है।
यूपीसीएल ने आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपना बकाया बिजली बिल जल्द से जल्द जमा कर दें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि समय पर बिल जमा नहीं किया गया, तो कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा सकती है।
बिजली उपभोक्ताओं के लिए यह एक अहम मौका है, समय रहते बकाया बिल जमा करें और बिजली सेवाओं में व्यवधान से बचें।