केदारनाथ धाम की पवित्रता पर सवाल, विधायक आशा नौटियाल ने गैर-हिन्दुओं के प्रवेश पर रोक की मांग उठाई

रुद्रप्रयाग – केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने पवित्र धाम और यात्रा पड़ाव स्थलों पर मांस व मदिरा की बिक्री को लेकर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन गतिविधियों में गैर-हिन्दू लोगों की भूमिका सामने आई है और इसे केदारनाथ की पवित्रता को नुकसान पहुंचाने का प्रयास बताया।

नौटियाल ने कहा कि करोड़ों हिन्दुओं की आस्था का केंद्र केदारनाथ धाम धर्म और श्रद्धा का स्थल है। उन्होंने सरकार से मांग की कि धाम और यात्रा मार्गों पर गैर-हिन्दुओं के प्रवेश पर रोक लगाई जाए। इसके लिए वह सरकार से बातचीत कर उचित कार्रवाई की मांग करेंगी।

हाल ही में जिले के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में भी स्थानीय लोगों ने धाम क्षेत्र में मांस व शराब की बिक्री की शिकायतें दर्ज कराईं। स्थानीय लोगों ने ऐसे तत्वों के प्रवेश पर पाबंदी लगाने की भी मांग की।
वहीं, गौ रक्षा विभाग के राष्ट्रीय महामंत्री थानापति मणिमहेश गिरी ने विधायक के बयान को समर्थन देते हुए कहा कि यात्रा मार्गों पर मांस-शराब की बिक्री और गैर-हिन्दुओं की गतिविधियां श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत कर रही हैं। उन्होंने गैर-हिन्दुओं को यात्रा मार्गों पर रोजगार न देने की मांग की।

भैरव सेना और अन्य हिन्दू संगठनों ने भी केदारघाटी में गैर-हिन्दुओं के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!