होली वीकेंड पर सरोवर नगरी में उमड़ेगा सैलानियों का सैलाब, होटल एडवांस में फुल

नैनीताल। होली के साथ इस बार लंबा वीकेंड पर्यटन नगरी नैनीताल के लिए सौगात लेकर आया है। शहर में सैलानियों की आमद गुरुवार से ही बढ़ने लगी है, जिससे नगर की रंगत में भी खासा निखार देखने को मिला। वहीं नगर के अधिकतर होटल एडवांस बुकिंग में फुल हो चुके हैं, और कई होटलों ने बढ़ती डिमांड के चलते रेट भी बढ़ा दिए हैं।
पिछले कुछ वर्षों में त्योहारों पर शहर से बाहर जाकर मनाने का चलन बढ़ा है, और होली भी अब इससे अछूती नहीं है। यही वजह है कि इस बार नैनीताल में भारी संख्या में सैलानियों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिले हुए हैं, क्योंकि होली वीकेंड का यह असर कारोबार में बूम ला सकता है।

गुरुवार को ही मालरोड, बोटिंग प्वाइंट, हिमालय दर्शन, केव गार्डन, चिड़ियाघर और बॉटनिकल गार्डन जैसे पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की चहल-पहल देखने को मिली। नौका विहार में भी बड़ी संख्या में पर्यटक नजर आए।
नजदीकी पर्यटन स्थल भीमताल, मुक्तेश्वर, भवाली, पंगोठ और कैंची धाम में भी सैलानियों की आवाजाही शुरू हो गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बन गया है।

नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने बताया कि होली के साथ वीकेंड आने से होटल कारोबारियों को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। वहीं एसोसिएशन के पीआरओ रुचिर साह ने कहा कि कैंची धाम से लेकर नैनीताल तक पर्यटकों की भीड़ उमड़ने की संभावना है, जिससे स्थानीय व्यापारियों को लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!