आगरा कैंट स्टेशन पर खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन वंदेभारत एक्सप्रेस का भव्य स्वागत, पीएम मोदी ने की 20 रेल परियोजनाओं की सौगात

आगरा। ताजनगरी आगरा को मंगलवार को रेल संपर्क के क्षेत्र में एक और बड़ी सौगात मिली। खजुराहो से चलकर हजरत निजामुद्दीन जा रही दूसरी वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन मंगलवार शाम 4:30 बजे आगरा कैंट स्टेशन पर पहुंची। इस ऐतिहासिक मौके पर ट्रेन का भव्य स्वागत किया गया और स्टेशन पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
ट्रेन के आगमन पर मौजूद 200 से अधिक स्कूली बच्चों ने फूलों की वर्षा कर ट्रेन के चालक दल का अभिनंदन किया। वहीं, लोक कलाकारों ने मयूर नृत्य सहित पारंपरिक प्रस्तुतियां देकर आयोजन को यादगार बना दिया।

इससे पहले मंगलवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन वंदेभारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर उन्होंने आगरा रेल मंडल की 20 रेल परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया, जिन पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं। इन परियोजनाओं में यात्री सुविधाओं के उन्नयन से लेकर आधारभूत संरचनाओं के विकास तक कई अहम कार्य शामिल हैं।

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, भगवान सिंह कुशवाह, एमएलसी विजय शिवहरे और डीआरएम तेज प्रकाश अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी मौजूद रहे।
करीब 12 मिनट के ठहराव के बाद इन गणमान्य अतिथियों ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर निजामुद्दीन स्टेशन की ओर रवाना किया। यात्रियों के लिए यह ट्रेन 15 मार्च से नियमित रूप से संचालित की जाएगी।

इस अवसर पर रेलवे की ओर से शहर के करीब 200 स्कूली बच्चों को वंदेभारत एक्सप्रेस में यात्रा का मौका दिया गया। बच्चे कोच C-7 में सवार हुए और ट्रेन के अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर को देखकर काफी उत्साहित नजर आए। रेलवे ने बच्चों को खाने-पीने का सामान और उपहार भी भेंट किए।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा, “पिछले 10 वर्षों में रेलवे का जितना विकास हुआ है, उतना आज़ादी के बाद कभी नहीं देखा गया। वंदेभारत ट्रेनें इसके आधुनिक भारत की झलक हैं।”
ट्रेन के बारे में संक्षिप्त जानकारी
• नाम: खजुराहो–हजरत निजामुद्दीन वंदेभारत एक्सप्रेस
• स्टॉप: आगरा कैंट समेत कई प्रमुख स्टेशन
• शुरुआत: यात्रियों के लिए 15 मार्च से नियमित संचालन
• विशेषता: तेज रफ्तार, आधुनिक सुविधाएं और सुरक्षित यात्रा का अनुभव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!