मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज देहरादून में आयोजित ‘जलवायु परिवर्तन और नवीकरणीय ऊर्जा: चुनौतियां और समाधान’ संगोष्ठी में पहुंचे। इस संगोष्ठी का उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने के लिए रणनीतियों और समाधान पर मंथन करना था।
संगोष्ठी में मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश के समन्वित विकास के दृष्टिकोण पर जोर देते हुए कहा कि उत्तराखंड इकोलॉजी और इकोनॉमी के बीच संतुलन बनाए रखते हुए सर्वांगीण विकास की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने राज्य के पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी साझा किया।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा दे रही है और इस दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। संगोष्ठी में जलवायु परिवर्तन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों ने भी विचार विमर्श किया और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में संभावनाओं पर चर्चा की।