काशीपुर में सीएम धामी का भव्य रोड शो, समान नागरिक संहिता और निकाय चुनाव जीत पर जताया आभार

उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता और भू-कानून के लागू होने और हाल ही में संपन्न निकाय चुनावों में भाजपा की शानदार जीत के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को काशीपुर में भव्य रोड शो किया। इस मौके पर हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए, और जगह-जगह पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।
सीएम का रोड शो नगर निगम परिसर में समाप्त हुआ, जिसके बाद वहां एक जनसभा आयोजित की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 100 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने जनता का आभार जताते हुए कहा कि,
“हजारों की संख्या में उमड़ी देवतुल्य जनता का यह ऐतिहासिक जनसैलाब हमारे प्रति जनता के प्रेम, विश्वास और समर्थन का प्रतीक है। आपके इसी आशीर्वाद से हम राज्य को आगे बढ़ाने के अपने संकल्प को और मजबूत कर रहे हैं।”
सीएम धामी ने कहा कि उनकी सरकार जनता से किए गए हर वादे को पूरा करेगी और विकास की गति को किसी भी हाल में थमने नहीं देगी।
कांग्रेस का विरोध, पुलिस से तीखी नोकझोंक
सीएम धामी के रोड शो के विरोध में उतरे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने प्रदर्शन से पहले ही सहकारी समिति के पास रोक दिया। विरोध प्रदर्शन की कोशिश कर रहे कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर समिति भवन में हिरासत में रखा गया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच काफी तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!