विकासनगर: वीर शहीद केसरी चंद महाविद्यालय में महिला सशक्तिकरण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

विकासनगर। वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डाकपत्थर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नारी सशक्तिकरण और जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महिला अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक विधि जेएस बिष्ट ने छात्राओं को विशाखा गाइडलाइन, आंतरिक शिकायत समिति (ICC), और पॉक्सो एक्ट जैसे महत्वपूर्ण विधिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी राजेश साह और उपनिरीक्षक दीपा शाह ने भी छात्राओं से संवाद किया और महिला सुरक्षा से जुड़ी अहम बातें साझा कीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य प्रो. राधेश्याम गंगवार ने की।
महाविद्यालय की प्राध्यापक डॉ. अनम फातिमा, डॉ. राजकुमारी भंडारी, अरविंद कुमार अवस्थी, सीमा पुंडीर, विमल डबराल और मीनाक्षी राणा सहित अन्य शिक्षकों और छात्राओं ने भी सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया और उन्हें समाज में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!