स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेशभर में सरकारी अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों में लंबे समय से खाली चतुर्थ श्रेणी के 1300 पदों को शीघ्र भरा जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सभी औपचारिकता पूरी कर आउटसोर्स के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने के लिए जिला और उप जिला अस्पतालों का गैप एनालिसिस किया जाए। उन्होंने टीबी मुक्त भारत अभियान और एनीमिया मुक्त भारत अभियान को प्रभावी रूप से चलाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा। इसके अलावा अस्पतालों में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने, प्रत्येक दिन भर्ती मरीजों के बेड की चादर बदलने, अस्पतालों में होर्डिंग लगाने, 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा की रिस्पांस टाइम न्यूनतम करने, अस्पतालों में कैंटीन संचालन को दुरुस्त कर मरीजों को स्वच्छ व पौष्टिक भोजन सुनिश्चित करने, चिकित्सकों के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।