बजट 2025-26: मध्यम वर्ग को बड़ी राहत, उत्तराखंड में दिखी खुशी की लहर

देहरादून। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में रिकॉर्ड 8वां लगातार बजट पेश करते हुए मध्यम वर्ग के लिए बड़ी घोषणा भी की। उन्होंने 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय को आयकर से मुक्त करने की बात कही, जिससे देशभर की तरह उत्तराखंड में भी नौकरीपेशा लोगों में खुशी की लहर भी दौड़ गई।

बजट पेश होने के दौरान प्रदेश के वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल अपने यमुना कॉलोनी स्थित आवास पर बजट की बारीकियों पर मंथन करते नजर आए। उन्होंने कहा कि यह बजट देश की आर्थिक मजबूती के साथ-साथ उत्तराखंड के विकास को भी नई दिशा देगा।

वित्त मंत्री सीतारमण ने नए टैक्स स्लैब की घोषणा करते हुए बताया कि स्टैंडर्ड डिडक्शन को मिलाकर अब 12.75 लाख रुपये तक की सालाना आय पर कोई टैक्स नहीं देना होगा। उन्होंने इस बजट को समग्र विकास, निजी निवेश में वृद्धि और मध्यम वर्ग की क्रय क्षमता को बढ़ावा देने वाला बताया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया ऐतिहासिक निर्णय

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्वीट किया, “मध्यम वर्ग को मिली बड़ी सौगात। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह बजट आम जनता के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएगा। 12 लाख तक की आय को कर मुक्त करना एक ऐतिहासिक कदम है, जिससे देश के मध्यम वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी।”

उत्तराखंड को मिलेंगे कई फायदे: रेखा आर्य

राज्य की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि यह बजट उत्तराखंड जैसे पर्यटन और पहाड़ी राज्य के लिए कई अवसर लेकर आया है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा 50 नए पर्यटन स्थलों को विकसित करने की योजना बनाई गई है, जिसका लाभ उत्तराखंड को रामायण सर्किट, महाभारत सर्किट, शारदा कॉरिडोर, मानसखंड जैसे प्रोजेक्ट्स के तहत मिलेगा।

इसके साथ ही होम स्टे को बढ़ावा देने के लिए मुद्रा लोन के अंतर्गत ऋण देने का प्रावधान किया गया है, जिससे राज्य की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।

उड़ान योजना व जल जीवन मिशन से उत्तराखंड को नया बल

बजट में ‘उड़ान योजना’ के अंतर्गत 120 नए हवाई अड्डों को जोड़ने की योजना है, जिससे उत्तराखंड के गोचर सहित अन्य हवाई पट्टियों को विकसित करने का रास्ता खुलेगा। वहीं, जल जीवन मिशन को 2028 तक बढ़ाए जाने से राज्य के उन क्षेत्रों को लाभ मिलेगा, जो अभी तक इस योजना से वंचित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!