देहरादून। उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष 30 अप्रैल, अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर शुरू होगी। धार्मिक परंपरा के अनुसार, इसी दिन गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट विधिवत रूप से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही सोमवार को वसंत पंचमी के दिन टिहरी के नरेंद्रनगर स्थित राजदरबार में विशेष धार्मिक अनुष्ठान के बाद बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि की औपचारिक घोषणा कर दी गई।
राजदरबार में हुए इस समारोह में पंचांग गणना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यह तय किया गया कि बदरीनाथ धाम के कपाट 4 मई को सुबह 6 बजे खोले जाएंगे। साथ ही 22 अप्रैल को तिलों का तेल पिरोया जाएगा, जिसके बाद गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा का शुभारंभ होगा।
26 फरवरी को तय होगी केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि
चारधाम यात्रा के प्रमुख धाम केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलने की तिथि इस वर्ष 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में पंचांग गणना के आधार पर तय की जाएगी। रावल, धर्माधिकारी और वेदपाठी संयुक्त रूप से यह निर्णय लेंगे।
अन्य धामों के कपाट खुलने की तिथियां भी जल्द होंगी तय
- गंगोत्री और यमुनोत्री धाम: परंपरागत रूप से अक्षय तृतीया के दिन ही खुलते हैं।
- गंगोत्री मंदिर समिति हिंदू नववर्ष पर कपाट खुलने की औपचारिक घोषणा करेगी।
- यमुनोत्री मंदिर समिति यमुना जयंती के दिन देवडोलियों के धाम आगमन और कपाट उद्घाटन की सूचना जारी करेगी।
- मद्महेश्वर (द्वितीय केदार) और तुंगनाथ (तृतीय केदार): इन धामों के कपाट वैशाखी पर्व पर निर्धारित तिथि के अनुसार खोले जाएंगे।
श्रद्धालुओं में उत्साह, तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार
चारधाम यात्रा की तिथियों के ऐलान के साथ ही प्रशासन, मंदिर समितियों और स्थानीय व्यापारियों ने तैयारियों को तेज कर दिया है। हर साल लाखों श्रद्धालु इन चार प्रमुख धामों के दर्शन को आते हैं, और इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।