निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान नवजात की मौत, परिजनों का हंगामा

पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जानकारी ली

देहरादून । राष्ट्रीय हिन्दू सेवक संघ के युवा मोर्चा के अध्यक्ष सौरभ मल्होत्रा की नवजात पुत्री की डीएल रोड स्थित एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान मृत्यु हो गयी। नवजात की मृत्यु को लेकर परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नर्सिंग होम में हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर थाना डालनवाला प्रभारी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

बताया जा रहा है कि  सौरभ मल्होत्रा की पत्नी की 21 नवंबर को डिलीवरी हुई थी। उन्होंने बेटी को जन्म दिया। आरोप है कि अस्पताल की ओर से सवा लाख रुपये का बिल बनाया गया था। बुधवार को नवजात को पीलिया की शिकायत थी, जिसके कारण स्वजन गुरुवार को बच्ची को सेवक आश्रम डीएल रोड स्थित एक निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे। स्वजनों का कहना है कि वहां चिकित्सक ने इंजेक्शन दिया व आइसीयू में दाखिल करा दिया। कुछ देर इलाज होने के बाद शाम सात बजे नवजात ने दम तोड़ दिया।

परिजनों का आरोप है कि चिकित्सकों द्वारा सही ढंग से इलाज नहीं किया गया जिसके कारण नवजात ने दम तोड़ा दिया। डाक्टरों की लापरवाही को लेकर परिजनों ने हंगामा भी किया। इस घटना की सुचना मिलने पर रास्ट्रीय हिन्दू सेवक संघ की राष्ट्रीय अध्यक्षा  श्रीमती मीनू दीदन तुरंत नर्सिंग होम पहुंची और स्थिति का जायजा लिया और तुरंत क्षेत्रीय पुलिस चौकी को सूचित किया। सूचना मिलने पर थाना डालन वाला एसएसआई  प्रदीप नेगी वहां पहुंचे और मामले की जानकारी ली। बताया गया है कि मामले की जांच की जा रही है।

राष्ट्रीय हिन्दू सेवक संघ के वरिष्ठ नेता वनिषकांत चहल ने नवजात की मौत पर गहरा शोक प्रकट किया है और परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले जांच कर नवजात की मौत के लिए जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!