सीएम के निर्देश पर आरोपी का भाई पिछड़ा वर्ग आयोग में नामित उपाध्यक्ष पद से हटाया गया
विनोद आर्य और पुलकित को भाजपा से निष्कासित किया गया

देहरादून । पुलिस ने पिछले कई दिनों से लापता पौड़ी निवासी अंकिता भंडारी का शव आज चीला नहर से बरामद कर लिया। इस बीच मुख्यमंत्री ने अंकिता भंडारी हत्याकांड पर अफसोस जताया है।उन्होंने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने भी आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने इस मामले में सख्त कदम उठाते हुए आरोपी पुलकित आर्य के भाई अंकित आर्य को पिछड़ा वर्ग आयोग में नामित उपाध्यक्ष पद से हटा दिया। आरोपी पुलकित आर्य भाजपा नेता विनोद आर्य का बेटा है। भाजपा ने विनोद आर्य और पुलकित आर्य पार्टी से पहले ही निष्कासित कर दिया है।
आपको बताते चले कि पौड़ी के श्री कोट निवासी अंकिता भंडारी ऋषिकेश में गंगा भोगपुर स्थित एक रिसार्ट में रिसेप्शनिस्ट का कार्य करती थी। कहा जा रहा है कि वहां उस पर वेश्यावृत्ति का काम करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था जिससे वह तनाव में थी। इस बीच गत 18 सितंबर को अचानक ही वह गायब हो गयी। पुलिस ने आज उसका शव चीला नहर से बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने पहले ही रिसार्ट के मालिक और भाजपा नेता विनोद आर्य के पुत्र पुलकित आर्य सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया हुआ है। माना जा रहा है कि अंकिता का शव बरामद होने के बाद आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज होगा। इस बीच भाजपा विनोद आर्य और पुलकित आर्य को पहले ही पार्टी से निष्कासित कर चुकी है। आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले में और सख्त कदम उठाते हुए अंकिता मामले आरोपी के भाई अंकित आर्य को पिछड़ा वर्ग आयोग के नामित उपाध्यक्ष पद से हटा देने के भी निर्देश दे दिए। इसके तुंरत बाद प्रमुख सचिव एल फैनई ने पिछड़ा वर्ग आयोग में नामित उपाध्यक्ष अंकित आर्य को पद मुक्त करने के आदेश जारी कर दिए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि अंकिता भंडारी मामले में सख्त से सख्त कदम उठाए जाएंगे और दोषियों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी दिलाने केे लिए मामले की जांच हेतु पुलिस उपमहानिरीक्षक पी रेणुका देवी के नेतृत्व में एसआईटी के आदेश दिए गए हैं।
दूसरी ओर अंकिता का शव मिलने के बाद से लोगों में गुस्सा बढता जा रहा है। इसी की परिणति में आक्रोशित लोगों द्वारा ऋषिकेश में आरोपी पुलकित आर्य की फैक्ट्री को आग लगा दिए जाने की भी खबर है । यह फैक्ट्री रिसार्ट के पास ही है जहां अंकिता काम करती थी। इससे पहले प्रशासन गत देर रात आरोपी के रिसार्ट पर बुलडोजर से ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की।
राजस्व पुलिस व्यवस्था समाप्त कर सामान्य पुलिस को जिम्मेवारी दी जाय : ऋतु खंडूडी

दूसरी ओर प्रदेश में अंकिता भंडारी निर्मम हत्याकांड के बाद उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा है कि प्रदेश में जहाँ कहीं भी राजस्व पुलिस की व्यवस्था चली आ रही है, को तत्काल समाप्त कर सामान्य पुलिस बल के थाने / चौकी स्थापित किया जाना चाहिए। स्पीकर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर शीघ्र इस विषय पर आदेश जारी करने का आग्रह किया| विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में आज भी कई क्षेत्रों में राजस्व पुलिस व्यवस्था जारी है| आज के आधुनिक युग में जहाँ सामान्य पुलिस विभाग में पूरे देश में एक राज्य से दूसरे राज्य में पीड़ित जीरो एफ0आई0आर0 दर्ज कराकर अपनी शिकायत पंजीकृत करा सकता है। वहीं ऋषिकेश शहर से मात्र 15 कि०मी० की दूरी पर राजस्व पुलिस जिसके पास पुलिस के आधुनिक हथियार तथा जॉच हेतु किसी भी प्रकार का प्रशिक्षण प्राप्त नहीं है, वे जॉच कर रहे है। यह जानकर अत्यन्त ही पीड़ा होती है।
विधानसभा अध्यक्ष ने अपने पत्र में लिखा कि गंगा भोगपुर में यदि सामान्य पुलिस बल कार्य कर रहा होता तो निश्चित रूप से प्रदेश की बेटी अंकिता आज हमारे मध्य होती और आम जनता में सरकारी कार्यप्रणाली के प्रति इतना रोष व्याप्त नहीं होता। विधानसभा अध्यक्ष ने तत्काल प्रभाव में राजस्व पुलिस की व्यवस्था को समाप्त कर पुलिस चौकी एवं थाना स्थापित करने का मुख्यमंत्री से आग्रह किया, जिससे भविष्य में इस प्रकार की अप्रिय घटना दुबारा घटित न हो|
