अग्निवीर भर्ती परीक्षा 2027 का अगला चरण 5 अक्टूबर से 23 अक्टूबर के बीच रुड़की में आयोजित किया जाएगा। इस चरण में सीसीई 2027 में सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता और दौड़ परीक्षा कराई जाएगी।
इस भर्ती प्रक्रिया में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के करीब तीन हजार अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। इस दौरान अग्निवीर जनरल ड्यूटी, तकनीकी और ट्रेड्समैन के पदों के लिए चयन प्रक्रिया होगी। इसके साथ ही अग्निवीर क्लर्क और स्टोर कीपर टेक्निकल श्रेणी के अभ्यर्थी भी इस चरण में शामिल होंगे।
भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को भौतिक और ऑनलाइन सत्यापन के लिए आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा। सेना ने सभी उम्मीदवारों से तय तिथि और दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।