हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में सिद्धपीठ मां चंडी देवी मंदिर के पैदल मार्ग का लोक निर्माण विभाग द्वारा 3 करोड़ 53 लाख रुपये की लागत से इस मार्ग का विकास कार्य कराया जा रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाना है। कुंभ मेला के विशेष बजट के तहत संचालित इस योजना में श्रद्धालुओं की जरूरतों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
मार्ग पर पेयजल की व्यवस्था के लिए पानी की टंकियां, सार्वजनिक नल और जगह-जगह पियाऊ बनाए जा रहे हैं। वहीं, चढ़ाई के दौरान विश्राम के लिए टिन-शेड और पक्की बेंचों का निर्माण, रेलिंग लगाई जाएगी। इसके साथ ही सड़क चौड़ीकरण, सुधारीकरण और मंदिर की सीढ़ियों का नवीनीकरण भी किया जा रहा है।
इसके अलावा शौचालयों का निर्माण और चाय-अल्पाहार के लिए टी-स्टॉल भी स्थापित किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, इन कार्यों के पूरा होने से कुंभ के दौरान भीड़ प्रबंधन बेहतर होगा और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।