चंपावत। जिला अस्पताल में ब्लड कम्पोनेंट यूनिट का संचालन शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून से वर्चुअल माध्यम से यूनिट का शुभारंभ किया। इस सुविधा के शुरू होने से अब मरीजों को रक्त के अलग-अलग कम्पोनेंट उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
सीएम धामी ने कहा कि सरकार चंपावत जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में रिक्त पदों को भरने की दिशा में भी कदम उठाने की बात कही।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ब्लड कम्पोनेंट यूनिट लोगों के लिए जीवन उपयोगी साबित होगी। उन्होंने कहा कि इस यूनिट के संचालन से जरूरत के अनुसार रक्त के विभिन्न घटकों का उपयोग किया जा सकेगा, जिससे रक्त की भी बचत होगी और मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा मिल सकेगी।
ब्लड कम्पोनेंट यूनिट शुरू होने से जिले के मरीजों को उपचार के लिए अन्य स्थानों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है। खासकर आपातकालीन स्थिति में यह सुविधा मरीजों के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।