देहरादून में नर्सिंग अधिकारी की नौकरी के नाम पर 32 लाख की ठगी, नेपाल सीमा से आरोपी गिरफ्तार – Bharat Naman

देहरादून में नर्सिंग अधिकारी की नौकरी के नाम पर 32 लाख की ठगी, नेपाल सीमा से आरोपी गिरफ्तार

देहरादून: स्वास्थ्य विभाग में सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर नर्सिंग अधिकारी से करीब 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को नेहरू कॉलोनी पुलिस ने पिथौरागढ़ के एंचोली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान चारू चंद्र जोशी निवासी बागेश्वर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नेपाल भागने की तैयारी में था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाया। सीओ नितिन लोहानी के अनुसार, 17 अगस्त को एक निजी अस्पताल में नर्सिंग अधिकारी के पद पर कार्यरत महिला ने थाना नेहरू कॉलोनी में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के मुताबिक, महिला की मुलाकात चारू चंद्र जोशी से शादी डॉट कॉम के माध्यम से हुई थी। आरोपी ने खुद को स्वास्थ्य विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर बताते हुए अधिकारियों से करीबी संबंध होने का दावा किया। उसने महिला से शादी करने और स्वास्थ्य विभाग में सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में महिला से करीब 32 लाख रुपये ले लिए।

मामला सामने आने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम ने सर्विलांस और अन्य माध्यमों से जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी पिथौरागढ़ के रास्ते नेपाल भागने की कोशिश कर रहा है। इसके बाद नेहरू कॉलोनी पुलिस ने पिथौरागढ़ पुलिस से समन्वय कर टीम भेजी और 21 अगस्त को एंचोली क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पहले भी दर्ज हैं कई मामले

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी समेत अन्य आपराधिक मामलों में आधा दर्जन से अधिक प्राथमिकी दर्ज हैं। पूछताछ में सामने आया कि चारू चंद्र जोशी वर्ष 2016 में स्वास्थ्य विभाग में संविदा पर फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत था। वर्ष 2022 में नैनीताल में धोखाधड़ी और दुष्कर्म के मामलों में जेल जाने के बाद उसे स्वास्थ्य विभाग की नौकरी से हटा दिया गया था।

इसके बाद आरोपी ने अपनी पूर्व नौकरी और स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी जानकारी का इस्तेमाल कर नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देना शुरू कर दिया। वह अधिकारियों से करीबी संबंध होने का दावा कर युवाओं से मोटी रकम वसूलता था।

पुलिस के मुताबिक, वर्तमान मामले में महिला से मिली रकम का अधिकांश हिस्सा आरोपी ने अपने खिलाफ दर्ज पुराने मामलों के सेटलमेंट में देने की बात कही है। पुलिस उसके इस दावे का दस्तावेजी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सत्यापन कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *