देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चल रही चेकिंग के दौरान प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में सहारनपुर का कथित गैंगस्टर रईस घायल हो गया। उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, उसका साथी नवाब अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, 12-13 अगस्त की देर रात दरू चौक के पास चेकिंग के दौरान बिना नंबर की बाइक पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही दोनों बाइक लेकर चाय बागान की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो पितांबरपुर-बनियावाला मार्ग पर दोनों बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। बदमाशों की गोलीबारी में सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ।
इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रईस घायल हो गया, जबकि उसका साथी नवाब अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, दो खोखे, बिना नंबर की बाइक, चापड़, कुल्हाड़ी, दो छुरी और नायलॉन की रस्सी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, रईस प्रेमनगर क्षेत्र में करीब दो साल पहले सामने आए गोकशी के एक मामले में वांछित था। उसके खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में गोकशी, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पूछताछ में रईस ने कथित तौर पर टी-स्टेट क्षेत्र में घूमने वाले आवारा गोवंश की रेकी करने की बात भी पुलिस को बताई है। फरार आरोपी नवाब की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।