कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ जालसाजी, मारपीट, जातिगत प्रताड़ना और जान से मारने की साजिश रचने जैसे कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनकी शिकायत पर देहरादून के कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंत्री ने आरोप लगाया है कि उनके पति ने अपनी पहली शादी की बात छिपाई और अन्य महिलाओं से संबंध होने पर विरोध करने के बाद उनके साथ दुर्व्यवहार व मारपीट भी की। उन्होंने दस्तावेजों पर फर्जी हस्ताक्षर कर उन्हें कंपनी के निदेशक पद से हटाने का आरोप भी लगाया। उन्हें हाल ही में एक ऑडियो मिला, जिसमें कथित तौर पर उन्हें जान से मारने की साजिश से जुड़ी बातचीत है।
एसपी सिटी शेखर चंद सुयाल के अनुसार, शिकायत के आधार पर जालसाजी, मारपीट और एससी-एसटी अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।