हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के सुरक्षित व व्यवस्थित संचालन को लेकर उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय पूरी तरह से अलर्ट है। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक एसटीएफ निलेश आनंद भरणे व पुलिस उपमहानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था धीरेंद्र सिंह गुंज्याल ने हरिद्वार पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने एसएसपी हरिद्वार व अन्य अधिकारियों के साथ चंडी चौक, शंकराचार्य चौक, बैरागी कैंप पार्किंग, हरकी पैड़ी समेत प्रमुख मार्गों व संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता, बेहतर समन्वय व त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद अधिकारियों ने मेला कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण भी किया और हरिद्वार शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक की लाइव मॉनिटरिंग व्यवस्था की समीक्षा भी की। कंट्रोल रूम में तैनात कर्मियों को हर गतिविधि पर लगातार नजर रखने व किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में सुपर जोनल व जोनल अधिकारियों के साथ कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा भी की गई। अधिकारियों ने आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था को और मजबूत करने और किसी भी छोटी घटना पर तुरंत मौके पर पहुंचकर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग पर विशेष जोर भी दिया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि 24×7 सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जाए और किसी भी अफवाह, भ्रामक सूचना या आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई भी की जाए।
पुलिस मुख्यालय ने बताया कि प्रत्येक जोन व सेक्टर में सक्षम अधिकारियों की तैनाती की गई है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया जाएगा। समीक्षा बैठक के अंत में IG STF निलेश आनंद भरणे व DIG धीरेंद्र सिंह गुंज्याल ने कांवड़ मेले के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों, अर्धसैनिक बलों के जवानों व एसपीओ को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।