आईटीआई छात्रों को अग्निवीर भर्ती में मिलेगा लाभ, 153 सरकारी और 82 निजी संस्थानों में दाखिले शुरू

उत्तराखंड में सत्र 2026-27 के लिए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों/आईटीआई में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अनुसार राज्य के 153 सरकारी और 82 निजी आईटीआई में दाखिले लिए जा रहे हैं। इस बार छात्र अपनी पसंद के अधिकतम 10 ट्रेड और संस्थानों का विकल्प चुन सकेंगे।

आईटीआई से प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर भर्ती में अतिरिक्त लाभ मिलेगा। एक वर्षीय आईटीआई कोर्स करने वालों को 30 बोनस अंक और दो वर्षीय कोर्स करने वालों को 40 बोनस अंक दिए जाएंगे, जिससे भर्ती में उनकी प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति मजबूत होगी। प्रवेश प्रक्रिया दो चरणों में होगी।

पहले चरण में अभ्यर्थी ऑनलाइन पंजीकरण, शैक्षिक विवरण और दस्तावेज अपलोड करेंगे। इसके बाद राज्य स्तरीय मेरिट सूची जारी होगी। सीट मैट्रिक्स जारी होने के बाद दूसरे चरण में छात्र अपनी मेरिट के आधार पर अधिकतम 10 संस्थानों और ट्रेडों का विकल्प लॉक कर सकेंगे।

इस बार ड्यूल सिस्टम ऑफ ट्रेनिंग (DST) भी आकर्षण का केंद्र है। राज्य के 54 सरकारी आईटीआई ने टाटा मोटर्स, बजाज ऑटो, हीरो मोटोकॉर्प, महिंद्रा और वी-गार्ड जैसी कंपनियों के साथ समझौते किए हैं। प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को 8,000 से 12,000 रुपये प्रतिमाह तक स्टाइपेंड, साथ ही भोजन, परिवहन और सुरक्षा उपकरण जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।

सामान्य ट्रेड्स के लिए न्यूनतम आयु 14 वर्ष और डीएसटी ट्रेड्स के लिए 18 से 24 वर्ष निर्धारित की गई है। विभिन्न ट्रेडों के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 8वीं या 10वीं पास है। अनुसूचित जाति एवं जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये तथा अन्य वर्गों के लिए 350 रुपये रखा गया है। राज्य सरकार के आरक्षण नियमों के अनुसार विभिन्न वर्गों, महिलाओं और दिव्यांग अभ्यर्थियों को भी आरक्षण का लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!